-डीग जिला पुलिस अधीक्षक कंबल शरण गोपीनाथ के निर्देशन में डीग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीकरी थाना हवालात से फरार चल रहे हार्डकोर अपराधी विक्रम उर्फ टिल्ला यादव को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
29 अगस्त को हुआ था फरार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी विक्रम उर्फ टिल्ला यादव गत 29 अगस्त को सीकरी थाने की हवालात से फरार हो गया था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसटी (District Special Team) इंचार्ज सुल्तान सिंह के नेतृत्व में डीएसटी और सीकरी पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोलीपुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कस्बे के नदबई रोड स्थित राठा गांव के पास आरोपी को घेर लिया। खुद को घिरता देख हार्डकोर अपराधी ने पुलिस कॉन्स्टेबल से हथियार छीन लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ और आरोपी को रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी विक्रम के पैर में जा लगी और वह वहीं ढेर हो गया।,
अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात, जिला अस्पताल रैफर
मुठभेड़ में घायल होने के बाद अपराधी को तुरंत नगर के उपजिला सरकारी अस्पताल लाया गया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ रामनाथ सिंह गुर्जर और नगर थाना अधिकारी लाखन सिंह भारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के लिहाज से अस्पताल परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया और भारी पुलिस बल तैनात रहा। अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद, चिकित्सकों ने उसे कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया है।
दर्ज हैं 17 मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार किया गया विक्रम उर्फ टिल्ला एक बेहद शातिर और हार्डकोर अपराधी है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में लगभग 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
हार्डकोर अपराधी विक्रम उर्फ टिल्ला मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
मध्य प्रदेश
