राजस्थान के 25 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट जारी
राजस्थान में मानसून की रफ्तार तेज होने लगी है और मौसम ने अचानक करवट ले ली है.. और इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 25 जिलों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों के दौरान जयपुर, भरतपुर, नागौर, सीकर, अजमेर, हनुमानगढ़, बीकानेर और श्रीगंगानगर समेत कई जिलों में अच्छी प्री-मानसून बारिश दर्ज की गई। नागौर जिले के लाडनूं में सबसे अधिक 47 एमएम बारिश हुई, जबकि भरतपुर के कामां में 40 एमएम, हनुमानगढ़ के डबलीराठन में 36 एमएम, सीकर के रींगस में 31 एमएम और श्रीगंगानगर के लालगढ़ जाटान में 26 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा झुंझुनूं, अलवर, बारां, झालावाड़ और चित्तौड़गढ़ के कई इलाकों में भी देर शाम हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। हालांकि बारिश के बावजूद पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है। वही आपको बता दे श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फलोदी में 42 डिग्री, जैसलमेर में 40.7 डिग्री, बीकानेर में 40.4 डिग्री और बाड़मेर में 40.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, बीकानेर और उदयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने और उमस बढ़ने से लोगों को परेशानी हुई मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी के कारण प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां लगातार मजबूत हो रही हैं। आने वाले 24 से 48 घंटों के दौरान पूर्वी और उत्तरी राजस्थान के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

