मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जयपुर नगर निगम चुनाव में प्रचार के आखिरी दिन भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सांगानेरी गेट से त्रिपोलिया गेट तक भव्य रोड शो किया। उन्होंने कहा कि हमने जयपुर सहित राजस्थान में लव जिहाद की समस्या से निजात दिलाने का काम किया है। गहलोत सरकार के समय ये घटनाएं होती थी लेकिन हम धर्मांतरण विरूद्ध कानून लेकर के आए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को जबरदस्ती जयपुर के परकोटे से बाहर भेज दिया जाता था, उनके लिए डिस्टर्ब एरिया बिल भी हम लेकर के आए हैं। इसलिए अब किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है। लेकिन फिर भी कोई आमजन को परेशान करता है, तो उसकी जगह जेल में होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गहलोत सरकार ने तुष्टिकरण के आधार पर पिछली बार जयपुर, जोधपुर एवं कोटा में दो-दो नगर निगम बनाए। लेकिन हमने तीनों जगह फिर से एक नगर निगम बना कर यह दिखा दिया कि एक शहर में एक ही नगर निगम रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते थे कि तुम्हारे काका जी भी वन स्टेट, वन इलेक्शन नहीं करा पाएंगे। लेकिन अब वो देख लें कि उनके काका जी ही यह चुनाव करवा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ढाई साल से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में राजस्थान विकास की दौड़ में लगातार आगे बढ़ रहा है। राजस्थान में जो काम 40-50 साल से नहीं हुए थे। हमारे ढाई साल के कार्यकाल में वो काम भी हुए हैं और राजस्थान ने विकास की गति भी पकड़ी है। हमने संपूर्ण राजस्थान में पानी की व्यवस्था की है, जिसके लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना और यमुना जल समझौता किया तथा इंदिरा गांधी नहर और गंगनहर को 5500 करोड़ रुपये दिए। वहीं 10500 करोड़ रुपये की देवास परियोजना, 4500 करोड़ रुपये की सोम-कमला-अंबा, 4500 करोड़ की माही डैम परियोजना और 2500 करोड़ रुपये की ब्राह्मणी नदी परियोजना पर भी काम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बिजली में राज्य मुनाफे में है। अशोक गहलोत सरकार में 3900 मेगावाट बिजली का उत्पादन हुआ लेकिन हमने ढाई साल में 12000 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया है। जिससे प्रदेश बिजली लेने वाला नहीं, बिजली देने वाला राज्य बन रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते थे कि हम युवाओं को रोजगार नहीं दे पाएंगे लेकिन हमने ढाई साल में ही 189000 नियुक्ति पत्र दिए हैं, 122000 पदों की प्रक्रिया जारी है तथा 70000 पदों पर वैकेंसी निकाली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे ढाई साल के काम से कांग्रेसियों के दर्द होने लगा है। विधानसभा में जब 2 साल का प्रतिवेदन रखा तो 2 साल बनाम 5 साल पर नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विधानसभा छोड़ करके भाग गए। इन्होंने जवाब इसलिए नहीं दिया क्योंकि 5 साल तक ये होटलों में रूकते रहे और कुछ काम नहीं किया। कांग्रेस ने लूट और झूठ की राजनीति की इसीलिए तो इनके कार्यकाल के अधिकारी और इनके मंत्री आज जेल में हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के समय पेपरलीक हुए लेकिन हमारी सरकार ने आते ही पेपरलीक से जुड़े 600 से ज्यादा लोगों को जेल की सलाखों में भेजा है। ढाई साल के अंदर 450 पेपर हुए हैं लेकिन एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अब अशोक गहलोत देख लें वही पुलिस है, वही प्रशासन है आखिर उन्होंने क्या किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ईआरसीपी और यमुना जल को लेकर लगातार झूठ बोला और इन परियोजनाओं को लटकाते और अटकाते रहे। ये लोग पांच किलोमीटर की मेट्रो लेकर आए और हम 41 किलोमीटर से अधिक की मेट्रो लाए हैं। इससे जयपुर की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जो भी काम बताएंगे वो सारे काम होंगे। क्योंकि हम लगातार जनता के बीच रहते हैं और उसकी सुनते हैं। हमारी डबल इंजन की सरकार में ट्रिपल इंजन जुड़ते ही निकाय और पंचायत मजबूत होंगी और विकास भी होगा। उन्होंने कहा कि इससे विकसित जयपुर, विकसित राजस्थान और विकसित भारत का सपना साकार होगा। इसलिए आमजन राजस्थान के एक-एक निकाय में भाजपा को जिताएं।
मुख्यमंत्री ने रोड शो की शुरूआत सांगानेरी गेट स्थित हनुमान जी मंदिर में पूजा-अर्चना करके की और जयपुर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। रोड शो में प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन राठौड़, राष्ट्रीय महामंत्री श्री हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय मंत्री श्री रोहन गुप्ता, सांसद श्रीमती मंजू शर्मा, जिला अध्यक्ष श्री अमित गोयल, विधायक श्री कालीचरण सराफ, श्री बालमुकुंदाचार्य, श्री गोपाल शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक परनामी सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
