रोजाना इस्तेमाल होने वाले सोने के गहनों पर धूल-मिट्टी, पसीना और लोशन जैसी चीजें धीरे-धीरे जमने लगती हैं, जिससे उनकी चमक फीकी पड़ने लगती है। इस मैल को साफ कराने के लिए अक्सर लोगों को सुनार के पास जाना पड़ता है, जहां इसके लिए अतिरिक्त पैसे चुकाने होते हैं। हालांकि, कुछ आसान घरेलू नुस्खों की मदद से बिना किसी खर्च के सोने की चेन और इयररिंग को फिर से नया जैसा चमकाया जा सकता है।
घर पर सोने की सफाई का आसान तरीका
सोने के गहनों को घर पर ही चमकाने के लिए ज्यादा तामझाम की जरूरत नहीं होती है। सबसे पहले एक पैन में एक कप पानी गर्म करें। जब पानी उबलने लगे, तो उसमें आधा चम्मच बेकिंग सोडा मिला दें।
इसके बाद अपने सोने के गहनों को इस पानी में डालकर करीब 5 मिनट तक उबाल लें। तय समय के बाद गैस बंद कर दें और गहनों को पानी से बाहर निकाल लें।
चमक बरकरार रखने के लिए ऐसे करें क्लीनिंग
गहनों को पानी से बाहर निकालने के बाद एक मुलायम ब्रश लें। उस पर थोड़ा-सा टूथपेस्ट या शैंपू लगाकर गहनों को हल्के हाथों से रगड़ें, ताकि अंदर फंसी गंदगी और मैल आसानी से बाहर निकल जाए।
सफाई के बाद गहनों को साफ पानी से दो से तीन बार अच्छी तरह धो लें। अंत में एक सूखे और मुलायम कपड़े से गहनों को पोंछकर पूरी तरह सुखा लें।
हल्दी के इस्तेमाल से लाएं अतिरिक्त चमक
अगर आप गहनों में खास चमक लाना चाहते हैं, तो थोड़ी-सी हल्दी लेकर उन्हें हल्के हाथों से गहनों पर रगड़ सकते हैं। इसके बाद साफ पानी से धो लें। इससे गहनों पर जमी अतिरिक्त परत हट जाती है और वे ज्यादा चमकदार नजर आते हैं।
हालांकि, अगर आपके गहनों में कोई कीमती पत्थर या मोती जड़े हुए हैं, तो उन्हें पानी में उबालने से बचना चाहिए, वरना मोतियों को नुकसान पहुंच सकता है।
