किताब पढ़ते समय अक्षर धुंधले दिखना, मोबाइल स्क्रीन देखने में परेशानी होना या कुछ देर पढ़ाई के बाद सिरदर्द होना आम लग सकता है, लेकिन यह हाइपरोपिया (Hyperopia) यानी दूरदृष्टि दोष का संकेत हो सकता है। इस स्थिति में दूर रखी चीजें तो साफ नजर आती हैं, लेकिन पास की वस्तुओं पर फोकस करने में कठिनाई होती है।
मेयोक्लिनिक के मुताबिक, आंख के कॉर्निया और लेंस से गुजरने वाली रोशनी जब रेटिना पर ठीक से फोकस नहीं हो पाती, तब यह समस्या पैदा होती है। सामान्य दृष्टि में प्रकाश सीधे रेटिना पर केंद्रित होता है, लेकिन हाइपरोपिया की स्थिति में फोकस रेटिना के पीछे बनने लगता है।
हाइपरोपिया के मुख्य कारण और आनुवंशिक प्रभाव
अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑप्थेमोलॉजी के अनुसार, इस समस्या का सीधा संबंध आंख की बनावट और उसके प्रकाश को मोड़ने की क्षमता से है। इसके पीछे दो मुख्य शारीरिक कारण होते हैं। पहला, आंख की लंबाई का सामान्य से कम होना। यदि आंख आगे से पीछे की ओर छोटी है, तो रोशनी रेटिना तक पहुंचने से पहले पर्याप्त रूप से फोकस नहीं हो पाती।
दूसरा कारण कॉर्निया या प्राकृतिक लेंस की बनावट में अंतर है। जब ये दोनों अंग प्रकाश को सही ढंग से मोड़ने में असमर्थ होते हैं, तो फोकस गड़बड़ा जाता है। इसके अलावा, यह समस्या आनुवंशिक भी हो सकती है। यदि माता-पिता या परिवार के किसी सदस्य को यह दोष रहा है, तो बच्चों में इसके विकसित होने की आशंका बढ़ जाती है, हालांकि पारिवारिक इतिहास के बिना भी यह समस्या सामने आ सकती है।
हाइपरोपिया और प्रेसबायोपिया में क्या अंतर है?
दूरदृष्टि दोष और उम्र से जुड़ी नजर की कमजोरी दोनों में ही पास की चीजें देखने में दिक्कत होती है, लेकिन दोनों के मूल कारण अलग-अलग हैं। नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ हेल्थ (NIH) के अनुसार, हाइपरोपिया जन्मजात या आंख की संरचनात्मक बनावट का नतीजा है, जो बचपन से मौजूद हो सकती है।
वहीं, प्रेसबायोपिया उम्र बढ़ने के साथ होने वाला बदलाव है। उम्र बढ़ने पर आंख का प्राकृतिक लेंस अपनी लचीलापन खो देता है और पास की चीजों पर फोकस करने के लिए आसानी से आकार नहीं बदल पाता। इसके लक्षण आमतौर पर 40 से 45 वर्ष की आयु के बाद नजर आने लगते हैं। कई बार एक ही व्यक्ति को ये दोनों समस्याएं एक साथ भी हो सकती हैं, जिससे नजदीक का काम करने में ज्यादा परेशानी होती है।
जांच और इलाज का तरीका
जॉन्स हॉपकिन्स के अनुसार, इस समस्या की पुष्टि व्यापक नेत्र परीक्षण से होती है। नेत्र विशेषज्ञ विजन टेस्ट के साथ यह जांचते हैं कि आंखें प्रकाश को किस प्रकार केंद्रित कर रही हैं। बच्चों की जांच के दौरान डॉक्टर पुतलियां फैलाने वाली आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल कर सकते हैं ताकि फोकस करने की क्षमता का सही आकलन हो सके।
बच्चों में हल्की हाइपरोपिया कई बार स्वतः ठीक हो जाती है, लेकिन गंभीर मामलों में समय पर इलाज न मिलने पर भेंगापन या लेजी आई (एम्ब्लियोपिया) का जोखिम बढ़ सकता है। यदि पढ़ते समय लगातार सिरदर्द या आंखों में खिंचाव महसूस हो, तो तुरंत किसी योग्य नेत्र विशेषज्ञ से मिलकर जांच करानी चाहिए। डॉक्टर की सलाह पर सही नंबर का चश्मा या लेंस पहनकर इस दृष्टि दोष को आसानी से ठीक किया जा सकता है।
