ताजिया जुलूस के लिए जयपुर तैयार
जयपुर में मुहर्रम के ताजिया जुलूस को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट पर है। सुरक्षा के लिए करीब 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। परकोटा क्षेत्र के कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही और भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। प्रशासन ने लोगों से दूसरे मार्ग अपनाने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। संजय सर्किल, अजमेरी गेट, न्यू गेट, सांगानेरी गेट, घाट गेट, गलता गेट और रामगढ़ मोड़ से परकोटे में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा । अन्य क्षेत्रों से आने वाले यातायात को आवश्यकता अनुसार दूसरे मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। जयपुर शहर में कई जगह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं । महत्वपूर्ण और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है. ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी लगातार निगरानी रखी जाएगी। ताजिया जुलूस के दौरान चौड़ा रास्ता, बड़ी चौपड़, बापू बाजार, जौहरी बाजार, हवामहल बाजार, सुभाष चौक, माउंट रोड, रामगंज बाजार, घाट गेट बाजार, चार दरवाजा, चांदपोल बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, गणगौरी बाजार, गोपीनाथ मार्ग, इंदिरा बाजार, किशनपोल बाजार, खजाने वालों का रास्ता, एमआई रोड और एमडी रोड सहित कई प्रमुख बाजारों और मार्गों पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। जिला प्रशासन और पुलिस ने शांति समिति तथा सीएलजी सदस्यों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल लाइसेंसधारी ताजियों को ही जुलूस के रूप में निकाला जाएगा। जुलूस के मार्ग पर बिजली, पानी और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर 17 ताजियों के लाइसेंस रद्द किए हैं। जयपुर में मुहर्रम के अवसर पर यौमे-ए-आशुरा के दिन हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में ताजियों का जुलूस निकाला जाएगा। शहर के विभिन्न मोहल्लों से करीब 250 से 300 छोटे-बड़े ताजिए निकलेंगे, जिन्हें गुरुवार रात 'कत्ल की रात' पर बाहर लाया गया और अगले दिन जुलूस के साथ कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

