भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 25 सितंबर को जयपुर के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित विशाल सम्मेलन को संबोधित करने के साथ ही आगामी पंचायत चुनावों के लिए पार्टी के प्रचार अभियान का आधिकारिक आगाज करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे की शुरुआत सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान से होगी। वे सुबह 7:30 बजे जयपुर के अल्बर्ट हॉल में आयोजित स्वच्छता सेवा कार्यक्रम में शामिल होंगे।
दादिया में विजयी पार्षदों का अभिनंदन और पंचायत चुनाव का शंखनाद
एकात्म मानव दर्शन के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर बगरू विधानसभा क्षेत्र के दादिया गांव में सुबह 11 बजे एक विशाल सम्मेलन आयोजित किया गया है। इसी कार्यक्रम में हाल ही में संपन्न हुए नगर निकाय चुनावों में जीते हुए भाजपा पार्षदों का अभिनंदन किया जाएगा।
इस सम्मेलन में प्रदेश भर से आए जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी समेत करीब 50 हजार कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। इसी मंच से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनावों के प्रचार अभियान का भी श्रीगणेश करेंगे। वे दादिया से ही 90 प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ये रथ प्रदेश की हर पंचायत तक पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे।
बिरला ऑडिटोरियम में युवाओं से संवाद
दादिया के कार्यक्रम के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का अगला बड़ा कार्यक्रम राजधानी के बीच स्थित बिरला ऑडिटोरियम में होगा। दोपहर 2:30 बजे वे यहां 'युवा संवाद' कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य पर युवाओं से अपने विचार साझा करेंगे।
इन सभी आयोजनों में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता शिरकत करेंगे।
