जयंती नगर स्थित 52 फुट हनुमान मंदिर से गुरुवार को संतोषी माता की 15वीं पदयात्रा निकाली गई। भादवा सुदी छठ के मौके पर आयोजित इस पदयात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। माता के जयकारों के बीच शुरू हुई यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए चांदपोल स्थित संतोषी माता मंदिर पहुंची, जहां भक्तों ने दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
आगरा रोड से चांदपोल तक गूंजे जयकारे
पदयात्रा का शुभारंभ गुरुवार सुबह आगरा रोड स्थित जयंती नगर में 52 फुट हनुमान जी के सामने बने शिव मंदिर से हुआ। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने माता के जयकारों के साथ आगे बढ़ना शुरू किया।
हाथों में धार्मिक प्रतीक और माता के प्रति अटूट श्रद्धा लिए भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पदयात्रा जयंती नगर से शुरू होकर तय विभिन्न मार्गों से गुजरी और अंत में चांदपोल स्थित संतोषी माता मंदिर में संपन्न हुई। इस आयोजन में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जगह-जगह जलपान और सेवा कार्य
यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में सेवा और सत्कार की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए जलपान की विशेष व्यवस्था की गई थी।
आगरा रोड स्थित दीपक रिपेयरिंग सेंटर के संचालक दीपक शर्मा की ओर से पदयात्रियों के लिए विशेष जलपान सेवा चलाई गई। यहां यात्रा में शामिल भक्तों को चाय और नाश्ता करवाया गया। इस सेवा कार्य में पूजा सिसोदिया ,प्रिया गौड़,ज्योति गौड़,संतोष गौड़,विवेक खंडेलवाल,रोहिताश मीणा,सूरज शर्मा,मुकुट सैनी,सत्यनारायण गुप्ता और गिरिराज शर्मा समेत अन्य स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी सहयोग किया।
