राजस्थान से मानसून की विदाई का दौर शुरू होने के साथ ही बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी हैं। राज्य के अधिकांश हिस्सों में रविवार को मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 4 से 5 दिनों तक प्रदेशभर में बारिश का दायरा सिमटा रहेगा, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
पश्चिमी राजस्थान में पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों और उदयपुर संभाग में छिटपुट बादलों की आवाजाही जरूर रही, लेकिन इसका असर तापमान पर साफ देखने को मिला। जैसलमेर में रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि बाड़मेर में पारा 39.2 डिग्री दर्ज किया गया।
छिटपुट बारिश और तापमान का हाल
रविवार दोपहर बाद उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में अचानक मौसम बदला और हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, चित्तौड़गढ़ के कपासन में सबसे ज्यादा 13 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा डूंगला में 3 मिमी, भरतपुर के भुसावर में 3 मिमी, उदयपुर के भींडर में 5 मिमी, कानोड़ में 4 मिमी, जोधपुर में 4.5 मिमी और बारां के शाहबाद में 8 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं राजधानी जयपुर में दिनभर मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। जयपुर में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
केवल 4 जिलों में बारिश का अलर्ट
मानसून के पीछे हटने के साथ सोमवार को बारिश का दायरा काफी सीमित हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सिर्फ 4 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि बाकी सभी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी के चलते दिन के तापमान में और इजाफा हो सकता है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में गर्मी का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है, जहां धूप तीखी होने लगी है।
