मध्यप्रदेश में 'चक्रवात अर्णव' का असर तेजी से सामने आने लगा है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के सक्रिय होने के बाद मंडला जिले में मौसम ने अचानक करवट ली है। जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है।
अचानक आए इस बदलाव से उमस भरी गर्मी से तो राहत मिली है, लेकिन जनजीवन भी प्रभावित होने लगा है।
इन इलाकों में हो रही है बारिश
मंडला शहर के अलावा बिछिया, सिझोरा, नैनपुर, निवास और घुघरी तहसीलों में सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर जोरदार बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम में अचानक आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से निजात मिली है।
हालांकि, इस बेमौसम बारिश ने अन्नदाताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में कटी पड़ी फसलों के भीगने की आशंका से किसान चिंतित नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी और प्रशासन की अपील
मौसम विज्ञान केंद्र ने चक्रवात 'अर्णव' के प्रभाव को देखते हुए अगले 24 घंटों के लिए मंडला जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज हवाएं चलने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा एहतियात के तौर पर बिजली के खंभों और पुराने पेड़ों से पर्याप्त दूरी बनाकर रखें।
