पंचायतीराज चुनाव के अंतिम चरण में झुंझुनूं जिले की चार पंचायत समितियों में मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है। खेतड़ी, बबाई, मंडावा और अलसीसर के 115 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए ग्रामीण सुबह से मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।
इस अंतिम चरण में कुल 447 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3 लाख 92 हजार 125 मतदाता शाम 6 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 115 सरपंच और 1,117 वार्ड पंच चुने जाने हैं।
सुबह से लंबी कतारें, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मतदान को लेकर ग्रामीण इलाकों में सुबह से ही उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। पोलिंग बूथों के बाहर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं, जिसमें महिलाओं और युवाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही है।
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए हर पोलिंग स्टेशन पर पुलिस का अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया गया है। स्थानीय प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
अलसीसर और खेतड़ी में सबसे ज्यादा पंचायतें
सरपंच पदों की संख्या के मामले में अलसीसर पंचायत समिति सबसे आगे है, जहां 32 ग्राम पंचायतों में मतदान हो रहा है। इसके अलावा खेतड़ी में 30, मंडावा में 27 और बबाई में 26 ग्राम पंचायतों में नए सरपंच चुने जाएंगे।
वार्ड पंच पदों की बात करें तो खेतड़ी पंचायत समिति क्षेत्र में सबसे ज्यादा वार्ड पंचों का निर्वाचन हो रहा है। इस चौथे चरण के मतदान के साथ ही जिले में त्रिस्तरीय ग्रामीण सरकार चुनने की पूरी प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी।
