गुलाबी नगरी जयपुर एक बार फिर एक हाई-प्रोफाइल विवाह समारोह की मेजबानी करने जा रही है। बॉलीवुड अभिनेत्री सागरिका घाटगे के छोटे भाई शिवजीत घाटगे 16 नवंबर को पल्लवी के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे। यह शादी समारोह चौमूं के एक लग्जरी होटल में आयोजित किया जाएगा, जिसमें शामिल होने के लिए देश-विदेश से मेहमानों का आना शुरू हो गया है।
इस हाई-प्रोफाइल आयोजन में शिरकत करने के लिए दूल्हा और दुल्हन पक्ष के परिजन शुक्रवार को जयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उतरने के बाद दोनों परिवारों के सदस्य सीधे चौमूं स्थित होटल के लिए रवाना हुए। होटल प्रबंधन और इवेंट टीम ने पारंपरिक अंदाज में मेहमानों का स्वागत किया। अब विवाह से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
कोल्हापुर के शाही मराठा परिवार से है नाता
दूल्हे शिवजीत घाटगे का ताल्लुक महाराष्ट्र के कोल्हापुर के पास स्थित कागल के शाही मराठा परिवार से है। पेशेवर रूप से वे एक उद्यमी हैं और फिटनेस ऐप 'StepSetGo' के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के तौर पर काम कर रहे हैं। इससे पहले वे एक निजी कंपनी में अकाउंट एग्जीक्यूटिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
शिवजीत की बहन सागरिका घाटगे बॉलीवुड में एक जानी-पहचानी अभिनेत्री हैं। उन्हें शाहरुख खान की फिल्म 'चक दे! इंडिया' में प्रीति सभरवाल के किरदार से घर-घर में पहचान मिली थी। सागरिका अक्सर सोशल मीडिया पर अपने भाई के साथ तस्वीरें साझा करती रहती हैं और उन्हें प्यार से 'लिटिल बुली' कहकर संबोधित करती हैं।
जहीर खान और सागरिका की मौजूदगी से बढ़ेगी रौनक
इस शादी में क्रिकेट और फिल्म जगत की मशहूर जोड़ी—पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान और अभिनेत्री सागरिका घाटगे की मौजूदगी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। जहीर और सागरिका ने साल 2017 में शादी की थी।
शिवजीत घाटगे का नाम इस साल फरवरी में भी सुर्खियों में आया था, जब जहीर खान और सागरिका द्वारा मुंबई के लोअर परेल इलाके में एक लग्जरी अपार्टमेंट खरीदने की खबरें सामने आई थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 2,600 वर्गफुट में फैले इस अपार्टमेंट की कीमत लगभग 11 करोड़ रुपये थी, और उस प्रॉपर्टी डील में शिवजीत का नाम भी जुड़ा हुआ था।
