मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जैसलमेर के तनोट माता मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों के साथ भाई-दूज का पर्व मनाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बीएसएफ की महिला जवानों से रक्षा सूत्र बंधवाए और उनके साथ संवाद कर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने विजय स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर राष्ट्र रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विधायक छोटू सिंह भाटी और बीएसएफ राजस्थान फ्रंटियर के आईजी डॉ. विकास पाठक सहित कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
'स्मार्ट बॉर्डर' और घुसपैठ पर प्रहार
जवानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीएसएफ देश की संप्रभुता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान का सशक्त प्रहरी है। विपरीत मौसम और कठिन परिस्थितियों में भी बल के जवान मुस्तैदी से डटे रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान सेना और बीएसएफ ने पराक्रम का परिचय दिया था।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि देश को घुसपैठ मुक्त बनाने के लिए मजबूत तंत्र तैयार किया जा रहा है। घुसपैठ की वजह से सीमांत इलाकों की जनसांख्यिकी में आ रहे बदलाव को रोकने के लिए स्थायी समाधान पर काम हो रहा है। इसके तहत बॉर्डर पर आधारभूत संरचना के बजट में 400 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। स्मार्ट बॉर्डर की परिकल्पना के तहत सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाया जा रहा है।
वाइब्रेंट विलेजेज और नशामुक्ति अभियान
सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम के जरिए देश के आखिरी गांवों को पहला गांव मानकर विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पलायन रोकना और रोजगार के नए अवसर तैयार करना है। वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम-2 के तहत बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और श्रीगंगानगर के 184 सीमावर्ती गांवों का चयन किया गया है।
नशामुक्ति की दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2029 तक नशामुक्त भारत के लक्ष्य के तहत राज्य में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है। साथ ही, प्रदेश के 350 से अधिक महाविद्यालयों में 'नई किरण नशामुक्ति केंद्र' खोले गए हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार जवानों की सुरक्षा, सुविधा और सीमावर्ती क्षेत्रों में पानी की समस्या के समाधान के लिए लगातार फण्ड उपलब्ध करा रही है।
