मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पहुँचे, जहाँ उन्होंने नए स्टेट टर्मिनल भवन के भूमि पूजन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक अनुष्ठान के बीच शिला पूजन कर इन्हें नींव में स्थापित किया और हवन में पूर्णाहुति दी।
नया स्टेट टर्मिनल भवन बनने के बाद राज्य में वीवीआईपी मूवमेंट और विमान सेवाओं से जुड़े प्रशासनिक कार्यों को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का सपोर्ट मिलेगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने निर्माण स्थल पर ही टर्मिनल के प्रतीकात्मक मॉडल, साइट प्लान और लेआउट प्रदर्शनी का बारीकी से निरीक्षण किया। ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पर प्रस्तावित आधुनिक सुविधाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों से प्रोजेक्ट की समयसीमा और डिजाइन की खूबियों पर चर्चा की।
परिवहन सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम
संबोधन के दौरान सीएम ने स्पष्ट किया कि यह प्रोजेक्ट केवल एक कंक्रीट भवन के निर्माण तक सीमित नहीं है। राज्य सरकार परिवहन ढांचे को मजबूत करने और आवागमन को अधिक सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मंच और कार्यक्रम स्थल पर प्रशासनिक व राजनीतिक जगत के कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, सांसद मंजू शर्मा के अलावा स्थानीय विधायक डॉ. कैलाश वर्मा, गोपाल शर्मा और बालमुकुंदाचार्य भी समारोह में शामिल हुए। इनके साथ ही जयपुर नगर निगम महापौर सुनील कोठारी, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, नगर निगम उपमहापौर सरोज कंवर सहित सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नागरिक उड्डयन विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
