एम.आई. रोड स्थित चैंबर भवन में सर्व ब्राह्मण महासभा के जयपुर जिला महिला प्रकोष्ठ की ओर से 'ब्रह्मशक्ति गरबा एवं डांडिया महोत्सव 2026' का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक उत्सव में पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने नृत्य के जरिए भारतीय परंपरा की अनूठी झलक पेश की।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण तीन पीढ़ियों की एक साथ सहभागिता रहा। महोत्सव में दादी-नानी, मां और बेटी की 55 तिकड़ियों ने एक साथ निर्धारित गरबा-डांडिया नृत्य में भाग लिया। इस अनूठी प्रस्तुति के जरिए विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया गया। एक ही मंच पर परिवार की तीन पीढ़ियों के जुटने से पारिवारिक एकजुटता और संस्कारों की निरंतरता का संदेश गया।
अतिथियों की मौजूदगी और मां की महाआरती
कार्यक्रम की शुरुआत माता की पूजा-अर्चना और सामूहिक महाआरती के साथ हुई। महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाजसेवी और धर्मरक्षक पंडित हरि शंकर बीलवाल ने कहा कि तीन पीढ़ियों की एक मंच पर यह भागीदारी नारी शक्ति और सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने का बेहतरीन उदाहरण है।
इस अवसर पर जयपुर सांसद मंजू शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़, जयपुर की उपमहापौर सरोज कंवर और सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश मिश्रा भी मौजूद रहे। सर्व ब्राह्मण महासभा के जयपुर जिला महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष ममता शर्मा और संगठन महामंत्री डॉ. कविता शास्त्री के नेतृत्व में पूरे आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई थी, जिसमें कुल 1000 महिलाओं ने हिस्सा लिया।
भव्य आयोजन और प्रबंधन
महोत्सव के दौरान तीन पीढ़ियों वाली प्रतिभागी तिकड़ियों के पंजीकरण, समन्वय और सामूहिक प्रस्तुति के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करने के साथ व्यवस्थाओं को संभाला।
इस सांस्कृतिक संध्या में जयपुर शहर अध्यक्ष अजय शर्मा, बीएम शर्मा, नरवर आश्रम समिति के सचिव सहित समाज के कई प्रमुख पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सौम्यता मिश्रा ने किया।
