बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन के लिए इस साल का भाई दूज का त्योहार थोड़ा अलग अंदाज में बीता। व्यस्त शूटिंग शेड्यूल के बीच समय निकालते हुए कार्तिक ने अपनी बहन डॉ. कृतिका तिवारी के साथ सेट पर ही यह त्योहार मनाया। खास बात यह रही कि कृतिका खुद भाई से मिलने फिल्म के सेट पर पहुंच गईं।
सेट पर हुआ सेलिब्रेशन, बहन ने दिए आशीर्वाद
इंस्टाग्राम पर शेयर की गई तस्वीरों में दोनों भाई-बहन की बॉन्डिंग साफ नजर आ रही है। पहली दो तस्वीरों में कार्तिक और कृतिका सेल्फी लेते दिख रहे हैं, जबकि आखिरी फ्रेम में बहन अपने भाई को तिलक लगाकर आशीर्वाद देती नजर आ रही है।
तस्वीरें शेयर करते हुए कार्तिक ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में कैप्शन लिखा कि वह शूटिंग के बीच भी गिफ्ट लेने पहुंच गई हैं। इस पोस्ट पर बहन कृतिका ने प्यार जताते हुए कमेंट किया कि उन्हें खुशी है कि वह वापस घर आ गए हैं, जिस पर अभिनेता ने भी मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। दोनों की इस छोटी सी बातचीत को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है।
पिछले साल बहन की शादी पर शेयर किया था इमोशनल नोट
कार्तिक और उनकी बहन कृतिका के बीच काफी मजबूत रिश्ता है। पिछले साल कृतिका की शादी के दौरान भी अभिनेता ने एक लंबा और भावुक नोट शेयर किया था। उस दौरान उन्होंने बचपन से लेकर दुल्हन बनने तक के सफर को याद करते हुए लिखा था कि उन्होंने अपनी बहन को हमेशा उनके पीछे घूमने वाली छोटी बच्ची से एक जिम्मेदार इंसान बनते देखा है।
