खरगोन जिले के बिस्टान नगर में नवरात्रि पर्व पर भक्ति का अनूठा माहौल देखने को मिला है। नगर की माधव विहार कॉलोनी में स्थापित मां दुर्गा की झांकी को महाराष्ट्र के कोल्हापुर स्थित प्रसिद्ध महालक्ष्मी माता के स्वरूप में सजाया गया है। सफेद साड़ी, मोगरे के फूलों और सुगंधित इत्र से किए गए इस भव्य श्रृंगार के दर्शन करने के लिए आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
बैंड-बाजों और आतिशबाजी के बीच सामूहिक आरती
कॉलोनीवासियों ने इस आयोजन को बेहद खास बनाने के लिए पारंपरिक विधान के साथ सामूहिक आरती की। बैंड-बाजों की गूंज और आकर्षक आतिशबाजी के बीच बड़ी संख्या में दंपतियों ने जोड़ों के साथ माता रानी की आराधना की। इस धार्मिक अनुष्ठान के मुख्य मनोरथी गजानंद दांगी और उनकी पत्नी सावित्री दांगी रहे। आरती के बाद शुरू हुए गरबा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर देर रात तक चलता रहा, जिसमें स्थानीय युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कॉलोनी में पहली बार हुआ ऐसा आयोजन
स्थानीय रहवासियों के मुताबिक, कॉलोनी के इतिहास में इस तरह का यह पहला बड़ा आयोजन है। पूरे नौ दिनों तक यहां इसी तरह विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम चलेंगे। इस भव्य झांकी और सामूहिक अनुष्ठान के चलते पूरी माधव विहार कॉलोनी इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबी हुई है।
