कटनी जिले के कैमोर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में टीबी और छाती संबंधी बीमारियों की पहचान और समय पर उपचार के लिए दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर शुक्रवार को शुरू हुए इस शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे।
जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई। पहले दिन कुल 121 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अपना पंजीयन कराया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की मरीजों की जांच
शिविर के पहले दिन जिला चिकित्सालय कटनी के टीबी एवं चेस्ट विशेषज्ञ डॉ. एस.पी. सोनी और डॉ. शिव मोहन सराफ ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान विकासखंड सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ के खंड चिकित्सा अधिकारी और उनकी मेडिकल टीम ने भी व्यवस्था संभालने में सहयोग किया।
शिविर के दौरान विभिन्न प्रकार की जांचों में कई मरीजों के आंकड़े सामने आए। स्वास्थ्य कर्मियों ने कुल 60 मरीजों का एक्स-रे किया, जिसमें टीबी के दो पुराने मरीज मिले और 58 व्यक्ति स्वस्थ पाए गए। इसके अलावा 84 मरीजों की ब्लड शुगर की जांच की गई, जिनमें 11 लोग डायबिटिक निकले। शिविर में 84 बलगम (खाखार) जांच, 90 निश्चय जांच, 84 एचआईवी जांच और 84 हेपेटाइटिस जांच भी की गईं।
दूसरे दिन जबलपुर मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ संभालेंगे कमान
दो दिवसीय शिविर के दूसरे दिन शनिवार को नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज जबलपुर के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच करेंगे। इनमें रेस्पिरेटरी मेडिसिन के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आशीष दीवान और सीनियर पल्मोनरी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अनुज मोहन शामिल हैं। स्क्रीनिंग में चिन्हित किए गए मरीजों को आगे की विशेष चिकित्सकीय सहायता दी जाएगी।
