दुनियाभर में शुक्रवार को माइक्रोसॉफ्ट की प्रमुख डिजिटल सर्विसेस ठप होने से कामकाज पर गहरा असर पड़ा. अमेरिका से लेकर भारत तक यूजर्स को आउटलुक, टीम्स, कोपायलट और माइक्रोसॉफ्ट 365 जैसी सेवाओं के इस्तेमाल में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. इस वैश्विक व्यवधान के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने स्थिति स्पष्ट करते हुए तकनीकी खराबी की पुष्टि की है.
कंपनी के मुताबिक, यह समस्या किसी साइबर हमले या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की गड़बड़ी के कारण नहीं, बल्कि एक 'नेटवर्क अपग्रेड' प्रक्रिया के दौरान सामने आई थी.
ग्लोबल स्तर पर ठप रहा कामकाज
शुक्रवार को आई इस तकनीकी दिक्कत के कारण माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल सर्विस आउटलुक पूरी तरह प्रभावित हुई. इस दौरान यूजर्स को न तो नए ईमेल मिल पा रहे थे और न ही बाहर जा पा रहे थे. इंटरनेट सेवाओं पर नजर रखने वाली वेबसाइट 'डाउनडिटेक्टर' पर गुरुवार को ही 1.30 लाख से ज्यादा यूजर्स ने आउटलुक के काम न करने की शिकायत दर्ज कराई थी.
इस तकनीकी खराबी का असर भारत में भी साफ तौर पर देखा गया. इंडिगो, एयर इंडिया और अकासा एयर जैसी प्रमुख विमानन कंपनियों ने बताया कि आउटलुक ठप रहने के कारण उनकी ग्राहक सहायता सेवाएं प्रभावित हुईं. यात्रियों की शिकायतों और सवालों के जवाब देने में एयरलाइंस को खासी मशक्कत करनी पड़ी.
माइक्रोसॉफ्ट ने जारी किया आधिकारिक बयान
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कंपनी ने कहा कि सेवाओं में अब काफी हद तक सुधार और स्थिरता लाई जा चुकी है. माइक्रोसॉफ्ट ने स्पष्ट किया कि नेटवर्क अपग्रेड के दौरान आई तकनीकी खामी को दूर कर लिया गया है और बाकी बची सेवाओं को भी पटरी पर लाया जा रहा है.
कंपनी के अनुसार, मांग के बड़े स्तर और पेंडिंग डेटा को देखते हुए सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से बहाल किया जा रहा है. इस प्रक्रिया में थोड़ा अधिक समय जरूर लग रहा है, लेकिन इससे सिस्टम को पूरी तरह सुरक्षित और स्थिर तरीके से दोबारा शुरू करने में मदद मिल रही है.
ईमेल पेंडिंग मामलों के लिए विशेष व्यवस्था
माइक्रोसॉफ्ट ने जानकारी दी है कि ईमेल की भारी बैकलॉग और देरी को सुरक्षित तरीके से संभालने के लिए 48 घंटे की ईमेल टाइमआउट व्यवस्था लागू की गई है. इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि रुका हुआ हर एक संदेश बिना किसी डेटा लॉस के सही पते पर पहुंच सके. कंपनी धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए सामान्य परिचालन बहाल करने में जुटी है.
