मंडला जिले के घुघरी थाना क्षेत्र के भैंसवाही गांव में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग पर अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस वारदात में बुजुर्ग के चेहरे और गले पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद से ग्रामीण इलाकों में तनाव और दहशत का माहौल है।
घटना स्कूल टोला इलाके की है, जहां बीती रात बुजुर्ग सोहन सरोते अपने घर पर थे। अज्ञात हमलावर ने सोते वक्त या मौका पाकर उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंचे एसडीओपी और डॉग स्क्वॉड
सूचना मिलते ही एसडीओपी सौरभ तिवारी, घुघरी थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन और सलवाह चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी घटनास्थल पर बुलाया। डॉग स्क्वॉड की मदद से आसपास के रास्तों और खेतों में सुराग तलाशे गए। पुलिस ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है।
संदिग्धों से पूछताछ जारी
पुलिस फिलहाल अज्ञात हमलावर की तलाश में जुटी है और गांव के संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और हमलावर की पहचान के लिए तकनीकी व मैदानी सुराग खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस रंजिश या हमले के पीछे व्यक्तिगत विवाद था या कोई अन्य कारण।
