मंदसौर पुलिस लाइन में मंगलवार को विजयदशमी के अवसर पर पारंपरिक विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन समारोह संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस वाहन और हथियारों की पूजा-अर्चना की गई। कलेक्टर दिव्यांक सिंह और एसपी विनोद कुमार मीना ने हर्ष फायर किया। कार्यक्रम में हवन और कद्दू काटने की परंपरा भी निभाई गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
पुलिस लाइन में नई जिम शुरू, जवानों को मिली सुविधा
शस्त्र पूजन के बाद पुलिस लाइन परिसर में नवनिर्मित जिम का लोकार्पण किया गया। इस सुविधा के शुरू होने से पुलिसकर्मियों को अपनी फिटनेस और शारीरिक क्षमता बेहतर करने का मौका मिलेगा। लोकार्पण के बाद मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी जिम की मशीनों का उपयोग कर सुविधाओं का जायजा लिया। पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और शारीरिक दक्षता को मजबूत करने के लिए इसे उठाया गया कदम माना जा रहा है।
शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील
एसपी विनोद कुमार मीना ने जिलेवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से शस्त्र पूजन और शस्त्र चालन की प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने सभी से दशहरा और दीपावली का पर्व आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाने का आग्रह किया।
सांसद सुधीर गुप्ता बोले— अपराधमुक्त समाज की दिशा में बढ़ रहा प्रदेश
लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता ने विजयदशमी को बुराई पर अच्छाई और अपराधियों पर विजय का प्रतीक बताया। सुधीर गुप्ता ने कहा- "मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अनुशासित व्यवस्था कायम करने और अपराधमुक्त समाज के निर्माण के लिए काम कर रही है।" उन्होंने प्रदेश को नक्सलवाद, आतंकवाद और अपराध से पूरी तरह मुक्त बनाने के संकल्प को दोहराया।
कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने भी इस अवसर पर नागरिकों को शुभकामनाएं दीं और सभी के स्वस्थ व सुखी जीवन की कामना करते हुए पर्व को हर्षोल्लास से मनाने की अपील की।
समारोह में ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन परिसर में कई प्रमुख चेहरे नजर आए। इनमें राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक विपिन जैन, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, एसपी विनोद कुमार मीना और एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल शामिल रहे। इनके अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
