मंदसौर के वार्ड नंबर 33 में सीवरेज लाइन के लिए की गई खुदाई के बाद स्थानीय निवासियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सड़क की स्थिति खराब होने की वजह से अब कचरा उठाने वाला वाहन भी बीच रास्ते में फंस गया, जिससे इलाके की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ से आवागमन ठप
सड़क पर पसरे कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, खराब रास्तों की वजह से बच्चे आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। सीवरेज कार्य के दौरान पेयजल की पाइपलाइन और नालियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं, जिसके चलते इलाके में पानी की किल्लत भी खड़ी हो गई है।
शिकायतों के बाद भी नहीं निकला समाधान
रहवासियों का कहना है कि बदहाल सड़कों और टूटी पाइपलाइनों को लेकर कई बार स्थानीय प्रशासन और जिम्मेदार विभागों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। नागरिकों ने नगर पालिका के सामने मांग रखी है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइनों को दुरुस्त किया जाए और कचरा वाहनों के आने-जाने का रास्ता सुचारू किया जाए।
