सावन की सतरंगी दुनिया में जीवन की निशानियों की खोज करते वक्त का पहिया निरंतर चलता रहता है,और हम इस मौसम में कभी बच्चे बनकर उन्हें तस्वुर में संजोते रहते हैं, तो युवा बनकर स्वप्निल आंखों में अंगडाई लेने लगते हैं। उम्र के हर मोड़ पर सावन की फुंहारें,बरसात की टिप टिप बूंदें संदेश के साथ संकेत भी करती है,इस मौसम को जी भर कर जीने को। यह हमारी खुशनसीबी है कि हम प्रकृति परिवर्तन के हर पहलू को जीते हैं। पतझड़,सावन,बसंत,बहार का हर रुप, हमारी जिंदगी के साथ इस कदर जुड़ा हुआ है कि, यह हमारे दिल और दिमाग को हर समय प्रभावित करता रहता है। प्रकृति के नजारों को मन की आंखों से देखते हुए, दिल की गहराइयों तक महसूस करने की वजह से, मौसम का यह कारोबार जीवन के हर पड़ाव और पहलू को प्रभावित कर रहा है... बरसात का पानी बच्चों को बचपन की याद दिलाता है। कागज की कश्ती,भले ही जीवन की नैया पार नहीं लगा पाए,लेकिन आंखों में सपने लिए यह कश्ती घर आंगन में बरसात की बूंदों के बीच जब अठखेलियां करती हैं, तो उसकी छवि लंबे समय तक याद दिलाती है...सावन की रिमझिम बरसात में भीगता बाल मन और उस पर अंकित होता बचपन...किशोर अवस्था में बरसात की भीगी रातों में युवा धड़कनें जवां होने लगती हैं और प्रेम,प्यार की फूटती कौंपलों में चारों ओर हरियाली छा जाती है। नए सपने बुनने को आतुर मन प्यार की पींगें भरने लगता है तो युवाओं में प्रेम,प्यार और प्रीत की रागानुभूति जीवन के सुनहरे सपनों के संसार में विचरण करने लगती है...जीवन की आपाधापी और जिम्मेदारियों का अहसास के बीच कभी सावन के तीज त्योहार खुशियां भरते हैं, तो विरह और दूरियों का अहसास भी बरसात की रिमझिम में ही होता है...अधेड़ उम्र में सावन का महीना बीते समय की यादों का खुशनुमा अहसास कराता है तो परिवार के बीच रहने और मिलजुल कर पारिवारिक सामाजिक सुख दुख का अहसास भी कराता है..पारिवारिक सामाजिक संबंधों की प्रगाढ़ता का अहसास कराती सावन की बरसात और यह महीना दिल और दिमाग में आने वाले हर विचार को प्रभावित करता है। यही कारण है कि जन्म से लेकर अंतिम सांस तक चलने वाले जीवन के हर पड़ाव और पहलू को नजदीक से जानने और समझने का अवसर देता है सावन का महीना।
सावन: जिंदगी के हर पड़ाव की कहानी
देश विदेश
