शहर के सेठीवाड़ा क्षेत्र में स्थित 'रिद्धि-सिद्धि गोल्ड टेस्टिंग' दुकान में नागौर की इस साल की सबसे बड़ी और सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है। एक शातिर कारीगर ने केवल सात दिनों में दुकान मालिक का विश्वास जीता और मौका मिलते ही 60 लाख रुपये से अधिक कीमत का 400 ग्राम कच्चा सोना तथा गल्ले में रखे 45 हजार रुपये नकद चुराकर फरार हो गया।पीड़ित ज्वेलर के भाई सुरेश मराठा ने बताया कि उनके भाई की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। इस वजह से दुकान का जिम्मा ज्वेलर की पत्नी संभाल रही थीं। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे, वह कुछ देर के लिए अपने बीमार पति को संभालने घर गईं और दुकान पर छोटे बच्चों के साथ महज 7 दिन पहले काम पर रखे कारीगर संजय हणमंत बाबर (32) को छोड़ गईं। आरोपी ने मौका पाकर बच्चों को बातों में उलझाया और तिजोरी में रखा शुद्ध सोना और नकदी समेटकर भाग निकला।महाराष्ट्र के सांगली जिले के माहुली का रहने वाला आरोपी संजय एक परिचित के मार्फत काम पर आया था। उसने इन 7 दिनों में दुकान की हर सुरक्षा व्यवस्था, सोना रखने की जगह और दुकान के हल्के जिम्मे के समय की बारीकी से रेकी कर ली थी।घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया। पीड़ित के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी का मोबाइल नंबर ट्रेस करना और रूट चार्ट के आधार पर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का दावा है कि संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नागौर में 60 लाख के सोने की सनसनीखेज चोरी
नागौर के सेठीवाड़ा क्षेत्र में रिद्धि-सिद्धि गोल्ड टेस्टिंग दुकान से कारीगर संजय बाबर 400 ग्राम सोना और 45 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया। आरोपी ने सात दिन में भरोसा जीतकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच में जुटी है।
क्राइम
