अजमेर जिले के नसीराबाद रोडवेज बस स्टैंड पर प्रशासनिक लापरवाही और बदइंतजामी के कारण रोजाना सफर करने वाले हजारों मुसाफिरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि स्टैंड की सभी बुकिंग विंडो और कमरे पर ताले लटके रहते हैं, जिससे यात्रियों को बसों के आवागमन की कोई जानकारी नहीं मिल पाती है। रोडवेज प्रशासन की इस बेरुखी के चलते यात्रियों को मजबूरन अवैध वाहनों में जोखिम भरा सफर करना पड़ रहा है।
जंक्शन स्टेशन होने के बावजूद स्टाफ नदारद
नसीराबाद बस स्टैंड एक महत्वपूर्ण जंक्शन है, जहां से अजमेर, भीलवाड़ा, कोटा, जयपुर और ब्यावर समेत कई मुख्य मार्गों के लिए बसें संचालित होती हैं। इसके बावजूद परिसर में यात्रियों की सुध लेने वाला एक भी रोडवेज कर्मचारी मौजूद नहीं रहता है।
हालत यह है कि यदि परिसर में किसी यात्री के साथ कोई अप्रिय घटना घट जाए, तो शिकायत दर्ज कराने के लिए भी कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी वहां उपलब्ध नहीं होता। स्थानीय स्तर पर निगम के इस रवैए को लेकर यात्रियों में भारी रोष देखा जा रहा है।
दुकानों से लाखों की कमाई, पर सुविधाओं के नाम पर शून्य
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के लिए यह बस स्टैंड कमाई का एक बड़ा जरिया बना हुआ है। बस परिसर के भीतर चाय-कॉफी और स्नैक्स की दो दुकानें आवंटित हैं, जिनसे निगम को हर महीने करीब 2 लाख रुपये का किराया मिलता है।
लेकिन हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी आय होने के बावजूद निगम द्वारा यात्रियों की सुख-सुविधाओं पर ऊंट के मुंह में जीरे के बराबर भी खर्च नहीं किया जा रहा है। बुनियादी रखरखाव न होने के कारण पूरा परिसर बद से बदतर स्थिति में पहुंच चुका है।
रोटरी क्लब और स्थानीय व्यापारियों ने उठाया जिम्मा
रोडवेज प्रशासन की उदासीनता से तंग आकर स्थानीय स्तर पर सामाजिक संगठन आगे आए हैं। नसीराबाद रोटरी क्लब और स्थानीय कचौरा व्यवसायी चवन्नी लाल के सहयोग से बस स्टैंड पर रंग-रोगन कराया गया है। इसके अलावा यात्रियों के बैठने के लिए बेंच, रोशनी के लिए लाइटें और पंखे लगवाने का काम किया गया है, ताकि मुसाफिरों को कुछ राहत मिल सके।
