नीमच जिले के जावद शहर में रविवार तड़के बेखौफ घूम रहे पांच नकाबपोश बदमाशों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाया। नीमच रोड स्थित मुच्छाल जी की मल्टी में हुई इस वारदात के दौरान बदमाशों ने घर में रखे सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। खास बात यह है कि वारदात को अंजाम देने से पहले ये आरोपी जावद पुलिस थाने के सामने से भी होकर गुजरे थे। पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
रविवार तड़के करीब 4 बजे पांचों बदमाश नीमच रोड पर घूमते नजर आए। पुलिस थाने के सामने से गुजरने के बाद वे मुच्छाल जी की मल्टी पहुंचे, जहां विद्युत विभाग में पदस्थ शशिकांत मेड़ा का मकान सूना था। आरोपियों ने इसी मकान को निशाना बनाया और अंदर प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद से इलाके के रहवासियों में चिंता का माहौल है।
मकानों की कुंडी लगाई और बाइक चुराने की कोशिश
चोरी की इस वारदात के दौरान बदमाशों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को धेंगा दिखाते हुए शातिर तरीका अपनाया। आरोपियों ने आसपास के कुछ अन्य मकानों के बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि अंदर मौजूद लोग बाहर न निकल सकें और उनका पीछा न कर पाएं।
इसके बाद उन्होंने नीचे खड़ी 3 से 4 मोटरसाइकिलों को निशाना बनाया। बदमाशों ने गाड़ियों के लॉक तोड़कर उनकी वायरिंग काटी और उन्हें डायरेक्ट जोड़ने का प्रयास किया ताकि बाइक लेकर फरार हो सकें। हालांकि, वे बाइक ले जाने में कामयाब नहीं हो सके।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। जावद थाना प्रभारी मनोज जादौन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध नजर आए हैं। एक मकान में चोरी की पुष्टि हुई है, जिसके आधार पर पुलिस की टीमें आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हैं।
