अजमेर के नसीराबाद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर छावनी परिषद की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कैंटोनमेंट सीईओ मोहम्मद साकिब आलम के नेतृत्व में हुई। छावनी परिषद कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के सिद्धांतों को याद किया।
स्वच्छता पखवाड़े का संदेश
गांधी जयंती के उपलक्ष्य में छावनी परिषद की ओर से वर्तमान में स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान सीईओ मोहम्मद साकिब आलम ने कहा- "महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को स्वतंत्रता दिलाई। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणा हैं।" इस दौरान उपस्थित सभी कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
