नसीराबाद निकाय चुनाव: भाजपा के सुखदेव चौधरी बने नगर पालिका अध्यक्ष, कांग्रेस को मिले 9 वोट
निकाय चुनाव 2026 के तहत नसीराबाद नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम सामने आ गए हैं। इस चुनाव में भाजपा के सुखदेव चौधरी ने जीत दर्ज की है। अध्यक्ष पद के लिए हुई मतगणना के बाद भाजपा खेमे में जश्न का माहौल देखने को मिला, जहां समर्थकों ने चुनावी आंकड़ों को लेकर खास अंदाज में अपनी खुशी जाहिर की। मतगणना के बाद भाजपा समर्थकों ने 'नौ दो ग्यारह' की नारेबाजी की। दरअसल, चुनाव में कांग्रेस को 9 वोट मिले, जबकि दो निर्दलीय पार्षदों के वोट भाजपा के खाते में आए। इस तरह कुल 11 अंक के आंकड़े पर पहुंचकर भाजपा ने यह सीट अपने नाम कर ली। रिटर्निंग अधिकारी की निगरानी में हुए मतदान नसीराबाद नगर पालिका अध्यक्ष पद के यह चुनाव रिटर्निंग अधिकारी कल्पित शिवरान के नेतृत्व में संपन्न कराए गए। मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मतदान स्थल के आसपास भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा बैरिकेडिंग की गई थी। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गणेशाराम, डीएसपी लक्ष्मण राम, सदर थानाधिकारी राधेश्याम चौधरी और सिटी थानाधिकारी करण सिंह सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुखदेव चौधरी अपने निवास पहुंचे। उनके घर पहुंचते ही समर्थकों और ग्रामवासियों ने आतिशबाजी की, साफा बंधाया और माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस जीत के जश्न में केवल युवा ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं भी ढोल की थाप पर थिरकते नजर आए। पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, इस जीत के पीछे भाजपा देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत, चुनाव प्रभारी वीरेंद्र शर्मा और चुनाव संयोजक अर्जुन नलिया की रणनीति अहम रही। चुनाव से पहले ही पार्टी नेताओं ने नसीराबाद में भाजपा का बोर्ड बनने का दावा किया था।