अजमेर जिले की नसीराबाद नगर पालिका में नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुखदेव चौधरी ने बुधवार को आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया है। इस दौरान पालिका कार्यालय में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ पदग्रहण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने से पहले चौधरी ने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारी और पार्षद रहे मौजूद
पदग्रहण समारोह में उपखंड अधिकारी कल्पित शिवरान और डीवाईएसपी लक्ष्मण राम विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा सदर थानाधिकारी राधेश्याम चौधरी, सिटी थानाधिकारी करण सिंह और नवनिर्वाचित पार्षद निर्मल उर्फ संजय यादव समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
पालिका स्टाफ ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को साफा पहनाकर और मालाएं भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यालय परिसर में पहुंचे समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने चौधरी को बधाई दी।
