अजमेर जिले में पंचायती राज चुनाव के पहले चरण के तहत मतदान जारी है। ग्रामीण इलाकों में मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है, जिसके चलते सुबह से ही बूथों पर लंबी कतारें लग गई हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार और जिला प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रही है।
पहले चरण में इन इलाकों में डाले जा रहे हैं वोट
प्रथम चरण के तहत 22 अक्टूबर को जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान हो रहा है, जबकि 24 अक्टूबर को पंच और सरपंच पद के लिए वोट डाले जाएंगे। इस चरण में सरवाड़ की 25, केकड़ी की 22, सांवर की 20, पीसांगन की 26, श्रीनगर की 28 ग्राम पंचायतों के साथ-साथ अजमेर ग्रामीण की नांद ग्राम पंचायत में मतदान प्रक्रिया चल रही है।
अजमेर जिले की कुल 33 जिला परिषद और 82 पंचायत समिति सीटों के लिए हो रहे इस चुनाव में 9 लाख 25 हजार 216 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। प्रशासनिक अमला और पुलिस अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का दौरा कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
तीन चरणों में पूरा होगा चुनाव कार्यक्रम
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर लोक बंधु के निर्देशन में पूरी चुनाव प्रक्रिया को संचालित किया जा रहा है। श्रीनगर पंचायत समिति क्षेत्र में नसीराबाद उपखंड अधिकारी कल्पित शिवरान के नेतृत्व में मतदान कराया जा रहा है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते अभी तक किसी भी केंद्र से अप्रिय घटना या विवाद की सूचना नहीं मिली है। शांतिपूर्ण माहौल का ही नतीजा है कि बुजुर्ग मतदाता भी बड़ी संख्या में बूथों तक पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के अगले चरणों के तहत, दूसरे चरण में 28 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य तथा 30 अक्टूबर को पंच-सरपंच के चुनाव होंगे। इसके बाद तीसरे और अंतिम चरण में 3 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए वोटिंग होगी, जबकि 5 नवंबर को पंच और सरपंच के चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।
