अजमेर जिले के नसीराबाद शहर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में शारदीय नवरात्र का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हो गया है। पहले दिन सोमवार को श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से घट स्थापना कर आदिशक्ति मां दुर्गा की आराधना की। घरों से लेकर मंदिरों तक माता के जयकारों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।
बाजारों में रौनक, पूजन सामग्री की खरीदारी
उत्सव के पहले दिन शहर के बाजारों में विशेष चहल-पहल नजर आई। माता की प्रतिमाएं, चुनरी, शृंगार का सामान और पूजन सामग्री खरीदने के लिए दुकानों पर लोगों की भीड़ जुटी रही। घरों और मोहल्लों में मूर्तियों की स्थापना के बाद सुख-समृद्धि और शांति की कामना के साथ विशेष अनुष्ठान शुरू हुए।
गरबा और डांडिया महोत्सव का आगाज
नवरात्र के इन नौ दिनों में शहर के विभिन्न स्थानों पर गरबा रास और डांडिया महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शाम ढलते ही भक्ति संगीत की धुनों के बीच होने वाले इन आयोजनों में पारंपरिक वेशभूषा में श्रद्धालु मां की आराधना करेंगे। आरती और पूजन के साथ शहर का धार्मिक माहौल चरम पर रहेगा।
प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष अनुष्ठान
स्थानीय परंपराओं के अनुसार नसीराबाद के पास स्थित प्रसिद्ध रामपुरा तेजाजी पीठ में महामंडलेश्वर रमाकांत दास महाराज के सानिध्य में दस दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई है। वहीं, राजगढ़ स्थित विख्यात मसानियां भैरव धाम में मुख्य उपासक चंपालाल महाराज के सानिध्य में नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ हुआ है। इन दोनों प्रमुख धार्मिक केंद्रों पर नौ दिनों तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसे लेकर मंदिरों में विशेष प्रबंध किए गए हैं।
