कांग्रेस नेता राहुल गांधी अगले महीने अमेरिका के दौरे पर जाने की तैयारी में हैं। सूत्रों के मुताबिक, उनका यह प्रस्तावित दौरा 16 से 20 नवंबर के बीच हो सकता है, जिसके दौरान वे प्रवासी भारतीयों और विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्रों से संवाद करेंगे।
दौरे की रूपरेखा के अनुसार, राहुल गांधी 17 नवंबर को न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया विश्वविद्यालय और 18 नवंबर को शिकागो विश्वविद्यालय के छात्रों को संबोधित कर सकते हैं। इन आयोजनों में लोकतंत्र, शिक्षा, राजनीति और वैश्विक मामलों से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। न्यूयॉर्क और शिकागो में स्थानीय स्तर पर इन बैठकों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, हालांकि पार्टी की तरफ से अभी कोई औपचारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
संसद के शीतकालीन सत्र से पहले होगी वापसी
सूत्रों ने बताया कि अमेरिका प्रवास के दौरान कांग्रेस नेता विभिन्न सामाजिक संगठनों और भारतीय मूल के नागरिकों से भी मुलाकात करेंगे। उनके पूरे शेड्यूल को अंतिम रूप दिया जा रहा है। तय कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत से पहले स्वदेश लौट आएंगे।
पिछले दौरों का सिलसिला
यह पहला मौका नहीं है जब राहुल गांधी शैक्षणिक संस्थानों और प्रवासी भारतीयों के बीच संवाद के लिए अमेरिका जा रहे हैं। वे पिछले कुछ वर्षों में कई बार अमेरिकी विश्वविद्यालयों और थिंक टैंकों के दौरे पर चुके हैं।
इससे पहले, अप्रैल 2025 में उन्होंने ब्राउन यूनिवर्सिटी का दौरा किया था, जहां उन्होंने छात्रों और शिक्षकों के साथ चर्चा की थी। वहीं सितंबर 2024 में उन्होंने तीन दिवसीय अमेरिकी यात्रा के दौरान यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास (डलास) और जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी (वॉशिंगटन डीसी) के परिसरों में छात्रों के साथ विचार-विमर्श किया था और प्रवासी समुदाय को संबोधित किया था।
