राजस्थान रोडवेज के बेड़े में आठ साल बाद बड़ा विस्तार होने जा रहा है। निजी बस ऑपरेटरों को कड़ी टक्कर देने और यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए निगम ने बड़े स्तर पर फ्लीट बढ़ाने का फैसला किया है। आगामी दिसंबर और जनवरी के दौरान निगम के बेड़े में कुल 1900 नई बसें शामिल की जाएंगी, जिससे राज्यभर में रोडवेज की कनेक्टिविटी और सुगम हो जाएगी।
इन नई बसों के आने से राजस्थान रोडवेज का कुल बेड़ा 3512 बसों से बढ़कर सीधे 5412 पर पहुंच जाएगा। आंकड़ों के मुताबिक, निगम की फ्लीट क्षमता में एक साथ 54.1 फीसदी की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। नई बसों के संचालन से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में भी बड़ा इजाफा होने की उम्मीद है।
किस श्रेणी की कितनी बसें और यात्री क्षमता
रोडवेज प्रशासन के अनुसार, बेड़े में शामिल होने वाली 1900 नई बसों में इलेक्ट्रिक, एसी, स्लीपर, ब्लू लाइन और सामान्य श्रेणी (ऑर्डिनरी) की बसें शामिल होंगी। इसके अलावा, अलग रूटों की जरूरतों को देखते हुए 149 डीजल बसों की खरीद के लिए भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वर्तमान में राजस्थान रोडवेज की बसों से हर दिन औसतन 8.50 लाख यात्री सफर करते हैं। नई बसों के जुड़ने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 13.10 लाख यात्रियों प्रतिदिन तक पहुंचने का अनुमान है। यानी हर रोज करीब 4.60 लाख अतिरिक्त यात्रियों को सुगम और सुरक्षित सफर की सुविधा मिल सकेगी।
त्योहारों और शादियों के सीजन में राहत
खास तौर पर त्योहारों, गर्मियों की छुट्टियों और शादियों के सीजन में यात्रियों को लंबे समय तक बसों का इंतजार करना पड़ता था। कई रूटों पर बसों की कमी के चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। निगम अधिकारियों का मानना है कि नई बसों के सड़क पर उतरने के बाद भीड़भाड़ वाले सीजन में भी सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा, जिससे आम यात्रियों को समय पर परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
