Header Advertisement

Rajasthan: बांसवाड़ा के 338 गांवों के किसानों को मिलेगा सिंचाई का बड़ा तोहफा

उदयपुर संभाग
Rajasthan: बांसवाड़ा के 338 गांवों के किसानों को मिलेगा सिंचाई का बड़ा तोहफा

Rajasthan: 338 गांवों के किसानों के लिए बड़ी सौगात, 2500 करोड़ की कैनाल परियोजना से बदलेगी खेती की तस्वीर

जयपुर: राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी अपर हाई लेवल कैनाल परियोजना वागड़ क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी राहत लेकर आ रही है। करीब 2500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही इस परियोजना के जरिए बांसवाड़ा जिले के 338 गांवों की लगभग 42 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का दावा है कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के किसानों को सालभर सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे कृषि उत्पादन और किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

यह परियोजना बांसवाड़ा जिले के बांसवाड़ा, बागीदौरा और कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्रों की छह तहसीलों—बांसवाड़ा, बागीदौरा, कुशलगढ़, सज्जनगढ़, आनंदपुरी और गांगड़तलाई—को लाभ पहुंचाएगी। इससे करीब 3.5 लाख लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे।

102 किलोमीटर लंबी नहर और 22.5 किलोमीटर सुरंगें

परियोजना के तहत आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीक का उपयोग करते हुए 102 किलोमीटर लंबी मुख्य नहर का निर्माण किया जा रहा है। इसमें 22.50 किलोमीटर लंबी सुरंगों के साथ कट एंड कवर संरचनाएं, एक्वाडक्ट और नदी पार करने के लिए साइफन बनाए जा रहे हैं।

इसके अलावा करीब 230 अन्य महत्वपूर्ण संरचनाएं भी विकसित की जा रही हैं, जिनमें सुपरपासेज, ड्रेनेज साइफन, रोड ब्रिज, एस्केप कम क्रॉस रेगुलेटर और हेड रेगुलेटर शामिल हैं।

 

Advertisement