राजस्थान में मौसम एक बार फिर लेगा करवट
राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है और प्री-मानसून गतिविधियां पूरे प्रदेश में अपना असर दिखा रही हैं। वही मौसम विभाग ने जयपुर, बीकानेर, अजमेर, जोधपुर, कोटा, भरतपुर सहित करीब 30 शहरों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 17 से 22 जून तक पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में तेज धूलभरी आंधी, झोंकेदार हवाएं, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिसमें झुंझुनूं के पिलानी में 50.4 मिमी बारिश के साथ देशभर में सबसे अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सूरतगढ़ में 29 मिमी, सीकर में 25 मिमी, श्रीगंगानगर में 11.2 मिमी और झुंझुनूं में 10 मिमी बारिश दर्ज हुई। बारिश और आंधी के कारण कई जिलों में दिन के तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिली है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में कहीं भी हीटवेव की स्थिति नहीं है, जो राहत भरी बात बताई जा रही है। हालांकि फलोदी 42 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि जैसलमेर, बाड़मेर और कोटा में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही, तेज हवाएं और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कई क्षेत्रों में तेज रेतीली आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने, खुले स्थानों पर जाने से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। मौसम में आए इस बदलाव से जहां आमजन को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है तो वहीं किसानों को भी प्री-मानसून बारिश का फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

