मंदसौर के पीजी कॉलेज के एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स को पुलिस कार्यप्रणाली और कानूनी प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। शिक्षा और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे इस चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को थानों का भ्रमण कराया जा रहा है, जिससे वे किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर मैदानी स्तर पर पुलिसिंग को समझ सकें।
कार्यक्रम के तीसरे दिन कैडेट्स ने वाईडी नगर थाने का दौरा किया। इस दौरान थाना अधिकारियों ने विद्यार्थियों को थाने की दैनिक कार्यप्रणाली, लिखित शिकायत दर्ज करने के नियम और ऑनलाइन एफआईआर (FIR) प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही, पुलिस जांच से जुड़े अन्य कानूनी पहलुओं से भी कैडेट्स को अवगत कराया गया।
पहले दिन नशा मुक्ति और कोतवाली में सीख
चार दिवसीय इस विशेष प्रशिक्षण की शुरुआत कुशाभाऊ ऑडिटोरियम में नशा मुक्ति अभियान के साथ हुई थी, जहां विद्यार्थियों को समाज में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति के खिलाफ जागरूक किया गया।
इसके अगले दिन करीब 75 कैडेट्स को शहर कोतवाली थाने ले जाया गया। वहां पुलिसकर्मियों ने उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौतियों और थाने के कामकाज के तौर-तरीकों की जानकारी दी।
युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी का उद्देश्य
आयोजकों के मुताबिक, इस प्रशिक्षण का मुख्य मकसद युवाओं में कानून के प्रति समझ विकसित करना और उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना पैदा करना है। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से कैडेट्स न केवल जागरूक नागरिक बन रहे हैं, बल्कि जरूरत पड़ने पर पुलिस और कानूनी प्रक्रियाओं को भी बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
