बुरहानपुर में खुलेआम चल रहे शराब के आहाते
बुरहानपुर जिले में आबकारी विभाग के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। जिले की कई शराब दुकानों के बाहर खुलेआम आहाते संचालित हो रहे हैं, जहां लोग बैठकर शराब पीते दिखाई देते हैं। जबकि आबकारी नियमों के अनुसार शराब दुकानों के साथ इस प्रकार के आहातों का संचालन प्रतिबंधित है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब यह सब खुलेआम हो रहा है तो आबकारी विभाग कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा? क्या विभाग को इसकी जानकारी नहीं है, या फिर जिम्मेदार अधिकारी जानबूझकर आंखें मूंदे हुए हैं?कैमरे में कैद ये तस्वीरें बुरहानपुर जिले की शराब दुकानों की हैं, जहां दुकानों से सटे खुलेआम आहाते संचालित हो रहे हैं। यहां लोग बैठकर शराब का सेवन कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे आसपास का माहौल बिगड़ रहा है और महिलाओं एवं परिवारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।हैरानी की बात यह है कि जब जिला आबकारी अधिकारी पार्थ श्रीवास्तव से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि जिले में कहीं भी नियम विरुद्ध आहाते संचालित नहीं हो रहे हैं। जबकि कैमरे में कैद तस्वीरें उनके इस दावे पर सवाल खड़े कर रही हैं।यदि नियमों के विपरीत आहाते संचालित हो रहे हैं तो फिर आबकारी विभाग की कार्रवाई कहां है? और यदि कार्रवाई नहीं हो रही, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या विभाग को इसकी जानकारी नहीं, या फिर शिकायतों के बावजूद अनदेखी की जा रही है?जब मीडिया ने जिला आबकारी अधिकारी से उन स्थानों के बारे में पूछा जहां खुलेआम शराब परोसी जा रही है, तो उन्होंने उल्टा मीडिया से ही पूछ लिया कि कहां ऐसा हो रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या नियमों का पालन करवाना आबकारी विभाग की जिम्मेदारी है या फिर मीडिया की?जब इस पूरे मामले की जानकारी कलेक्टर हर्ष सिंह को दी गई तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कहीं भी नियमों के विपरीत आहाते संचालित हो रहे हैं तो तत्काल जांच कर उन्हें बंद कराने के निर्देश दिए जाएंगे।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कलेक्टर के निर्देशों के बाद आबकारी विभाग कार्रवाई करेगा, या फिर अवैध आहातों का यह खेल पहले की तरह चलता रहेगा? फिलहाल कैमरे में कैद तस्वीरें आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। यदि नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होना जरूरी है।

