जयपुर के मंदिर से दुर्लभ शिव प्रतिमा चोरी
राजस्थान की राजधानी जयपुर के मंदिर से भगवान शिव की मूर्ति चोरी होने का मामला सामने आया है। इंद्रा बाजार स्थित सिंहद्वारेश्वर महादेव मंदिर से चोरी हुई 11 इंच ऊंची दुर्लभ शिव प्रतिमा के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की है आरोपी एक ऑटो चालक है जो मंदिर से प्रतिमा चुराकर ले गया था। इस संबंध में इंदिरा बाजार व्यापार मंडल के महामंत्री पदम ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। इंदिरा बाजार में स्थित सिंहद्वारेश्वर महादेव मंदिर में क्षेत्र के व्यापारी नियमित रूप से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करते हैं। सुबह करीब 11:30 बजे एक व्यापारी पूजा के लिए मंदिर पहुंचा तो उसने देखा कि शिव परिवार की मूर्तियों में से भगवान शंकर की 11 इंच की एक प्रतिमा अपने स्थान पर नहीं है। इसके बाद अन्य व्यापारियों को इसकी जानकारी दी गई। चोरी की घटना 18 जून को सुबह 9.15 बजे की है। घटना का पता चलने पर श्रद्धालुओं और व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और प्रतिमा की बरामदगी की मांग की। स्थानीय लोगों और इंद्रा बाजार व्यापार मंडल के व्यापारियों ने जमकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं मामला बढ़ता देख कोतवालनी थानाधिकारी राजेश गौतम के आश्वासन मामले में कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ने की बात पर मामला थोड़ा शांत हुआ।

