सीकर जिले के पलसाना स्थित रीको औद्योगिक क्षेत्र में एक बस बॉडी निर्माण फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। हादसे में फैक्ट्री परिसर में खड़ी चार बसें जल गईं, जबकि ऊपर लगा टिन शेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आग से करीब एक करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान जताया जा रहा है।
घटना के समय आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया, जिसे दूर-दूर तक देखा गया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सीकर, रींगस और खाटूश्यामजी से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, नुकसान का अनुमान
इस फैक्ट्री में राजस्थान रोडवेज और निजी बसों की बॉडी तैयार की जाती है। आग लगने के बाद क्रेन की मदद से परिसर के भीतर मौजूद अन्य बसों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की गई। हालांकि, आग किस वजह से लगी, इसका आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को मुख्य वजह माना जा रहा है।
रानोली थाना पुलिस का जाप्ता भी तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों की मांग- पलसाना में हो स्थायी दमकल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाए हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि रीको औद्योगिक क्षेत्र में पहले भी आग लगने की छिटपुट घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पलसाना में स्थायी दमकल केंद्र स्थापित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
