खाटूश्यामजी नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की विनीता पुनिया ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा की प्रेम देवी को महज एक मत के अंतर से हराया। राजस्थान उच्च न्यायालय के निर्देश पर शनिवार सुबह नगरपालिका सभागार में 19 मतों की मतगणना पूरी कर परिणाम घोषित किया गया।
हाईकोर्ट के आदेश पर खुला स्ट्रांग रूम
उच्च न्यायालय ने रिटर्निंग अधिकारी को 24 घंटे के भीतर मतपेटी खोलकर मतगणना करने और परिणाम जारी करने के आदेश दिए थे। इसी निर्देश की पालना में शनिवार सुबह स्थानीय पुलिस थाने में बने स्ट्रांग रूम को खोला गया।
रिटर्निंग अधिकारी कपिल उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक गर्ग और डीवाईएसपी राजेश कुमार जांगिड़ सहित अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मतपेटी बाहर निकाली गई। इस प्रक्रिया के दौरान भाजपा की अध्यक्ष पद प्रत्याशी प्रेम देवी मौके पर नहीं पहुंचीं। कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच मतपेटी को नगरपालिका कार्यालय लाया गया, जहां सभागार में मतगणना शुरू हुई।
21 सितंबर को डाले गए थे वोट
इससे पहले 21 सितंबर को दोपहर दो बजे तक अध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ था। नगरपालिका के कुल 20 पार्षदों में से 19 ने वोट डाले थे, जबकि पार्षद लक्ष्मी देवी मतदान प्रक्रिया से अनुपस्थित रही थीं। वोटिंग के तुरंत बाद मतपेटी को पुलिस थाने के स्ट्रॉन्ग रूम में सील कर दिया गया था।
उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कल
परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल देखा गया और समर्थकों ने जीत का स्वागत किया। इस बीच, नगरपालिका उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव रविवार को आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
