परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में चोरी का खुलासा
इंदौर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए परदेशीपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुछ ही घंटों में एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें और तीन कटे हुए चेसिस बरामद किए हैं। आरोपी चोरी के वाहनों को अपनी गैराज में ले जाकर काट देता था और उनकी पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट भी बदल देता था।दरअसल इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश कुल्हार को गिरफ्तार किया है। फरियादी नरेंद्र लकवाल ने 16 जून को अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए वाहनों को भानगढ़ स्थित अपनी गैराज में ले जाकर उनके पुर्जे अलग करता था और नंबर प्लेट बदलकर उनकी पहचान मिटाने का प्रयास करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा और तीन कटे हुए चेसिस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में बरामद चेसिस हीरानगर क्षेत्र से चोरी हुए वाहनों के पाए गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

