तखतगढ़ में आगामी निकाय चुनाव से पहले पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुरुवार रात तखतगढ़ चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रैवल्स बस से अंग्रेजी शराब बरामद की है। बस को रोककर ली गई तलाशी में चार थैलों से भारी मात्रा में शराब की बोतलें और पव्वे मिले हैं।
तखतगढ़ थाने के एसएचओ शैतान सिंह चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर ही बस में सवार दो यात्रियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद शराब की कुल मात्रा और गिनती की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गुजरात भेजने के लिए ले जाई जा रही इस शराब के स्रोत और तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस पूछताछ कर रही है।
पिछले 10 दिनों में दूसरी बड़ी कार्रवाई
स्थानीय निकाय चुनाव के मद्देनजर इलाके में सुरक्षा और सख्ती लगातार बढ़ाई गई है। पिछले 10 दिनों के भीतर तखतगढ़ पुलिस की यह दूसरी बड़ी जब्ती है। इससे पहले 24 अगस्त को इसी नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार की तलाशी ली गई थी। उस कार्रवाई में पुलिस ने 1.02 करोड़ रुपये नकद और भारी मात्रा में घी बरामद किया था। चुनाव के चलते पुलिस सीमाओं पर लगातार निगरानी रख रही है।
