जयपुर के टोंक रोड इलाके में स्थित स्विस वॉच ब्रांड राडो के शोरूम में गुरुवार तड़के बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। पांच से अधिक बदमाशों ने लोहे की रॉड से शोरूम का शटर तोड़ा और महज 36 मिनट के भीतर 2.5 करोड़ रुपये मूल्य की 251 घड़ियां चुरा ले गए। बजाज नगर थाना पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
36 मिनट में वारदात को दिया अंजाम
गुरुवार सुबह करीब साढ़े चार बजे पांच से सात बदमाश टोंक रोड पर स्थित शोरूम के बाहर पहुंचे। शुरुआती कुछ मिनट वे बंद शोरूम के बाहर सीढ़ियों पर ही बैठे रहे। इसके बाद उन्होंने लोहे की दो रॉड से शटर को ऊपर उठाया।
पुलिस के मुताबिक, दो बदमाश सुबह 4 बजकर 36 मिनट पर शोरूम के अंदर दाखिल हुए, जबकि उनके तीन-चार साथी बाहर पहरा देते रहे। अंदर घुसे चोरों ने पांच बड़े बैगों में घड़ियां भरीं और सुबह 5 बजकर 12 मिनट पर वहां से फरार हो गए। शोरूम से कुल 251 लग्जरी घड़ियां चोरी हुई हैं।
DVR की तलाश में ले गए म्यूजिक सिस्टम
शोरूम के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए बदमाशों ने रिकॉर्डिंग सिस्टम यानी डीवीआर (DVR) की भी तलाश की। तलाशी के दौरान उन्हें एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण दिखा, जिसे वे डीवीआर समझकर उठा ले बाहर आ गए।
बाहर आने पर जब उन्हें समझ आया कि वह डीवीआर नहीं बल्कि शोरूम का म्यूजिक सिस्टम है, तो वे उसे गेट के पास ही छोड़कर भाग निकले। पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान और तलाश में जुटी है।
