अहमदाबाद एयरपोर्ट पर टक्कर से बचे दो विमान
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया, जब एयर इंडिया और इंडिगो के दो विमान एक ही टैक्सीवे पर आमने-सामने आ गए। जानकारी के मुताबिक आपको बता दे मुंबई से अहमदाबाद पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट लैंडिंग के बाद पार्किंग बे की ओर मूव कर रही थी लेकिन वह गलती से गलत दिशा में मुड़ गई और उस टैक्सीवे पर पहुंच गई, जहां इंडिगो का विमान मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। दोनों विमानों के बीच करीब 200 मीटर की दूरी रह गई थी, जिससे कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर तनाव की स्थिति बनी रही हालांकि एयर ट्रैफिक कंट्रोल और ग्राउंड स्टाफ की सतर्कता के चलते दोनों विमानों को समय रहते रोक लिया गया और संभावित टक्कर टल गई। एयर इंडिया ने बयान जारी कर स्वीकार किया कि फ्लाइट AI-2493 पार्किंग के दौरान अनजाने में गलत दिशा में मुड़ी थी। बाद में विमान को टो करके सही पार्किंग बे तक पहुंचाया गया। वहीं इंडिगो ने बताया कि उसका विमान सुरक्षित दूरी पर रोक दिया गया था और एयर इंडिया के विमान को हटाने के बाद उड़ान सामान्य रूप से मुंबई के लिए रवाना हुई। दोनों विमान एयरबस A320 श्रेणी के थे, जिनमें आमतौर पर 150 से 180 यात्री सफर कर सकते हैं। एयर इंडिया ने घटना की जानकारी विमानन नियामक अधिकारियों को दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी यात्री या क्रू सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और एक बड़ा हादसा होते - होते टल गया।

