बुरहानपुर जिले में हाल ही में आए आंधी-तूफान और बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। खंडवा-बुरहानपुर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर जिले के केला किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सांसद ने प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने, लंबित राहत राशि का भुगतान करने और जिले में मौसम आधारित फसल बीमा योजना लागू करने की मांग की। सांसद के अनुरोध पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले के किसानों के लिए वीडियो संदेश भी जारी किया है।खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर बुरहानपुर जिले की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम से जिले के कई गांवों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। विशेष रूप से केला उत्पादक किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। हजारों केले के पौधे खेतों में गिर गए हैं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।सांसद पाटील ने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि लगभग ढाई माह पहले हुई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित कई किसानों को अब तक राहत राशि नहीं मिल सकी है। उन्होंने मांग की कि लंबित मुआवजा राशि का तत्काल भुगतान किया जाए और वर्तमान नुकसान का सर्वे शीघ्र पूरा कर प्रभावित किसानों को राहत प्रदान की जाए। इसके साथ ही उन्होंने जिले मंर मौसम आधारित फसल बीमा योजना लागू करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ खड़ी है और सर्वे रिपोर्ट प्राप्त होते ही पात्र किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने सांसद के अनुरोध पर जिले के किसान भाइयों के लिए वीडियो संदेश जारी कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा भी दिया।लगातार प्राकृतिक आपदाओं से परेशान बुरहानपुर के केला किसानों के लिए यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब किसानों की निगाहें सरकार की कार्रवाई पर टिकी हैं कि सर्वे कार्य कब पूरा होता है और उन्हें राहत राशि तथा अन्य सहायता कब तक मिल पाती है।
