मंदसौर जिले में नशा मुक्ति अभियान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" के तहत गरोठ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 173 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स, 24.570 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बनाने में उपयोग होने वाले केमिकल, दो कारें और चार एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम सनेही मिश्रा, एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पावटी स्थित एक खेत पर बने बाड़े में दबिश दी।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 173 ग्राम एमडी ड्रग्स, लगभग 24.570 किलोग्राम केमिकल, एक हुंडई वेन्यू कार, एक मारुति स्विफ्ट कार और चार एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किए। जब्त सामग्री और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 19 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।पुलिस ने मौके से रणजीत सिंह सोंधिया और ईश्वर सिंह सोंधिया को गिरफ्तार किया है। वहीं दीपक गुर्जर, विक्रम उर्फ गुड्डूसिंह, राजेन्द्र सिंह और राजू लाला की तलाश जारी है।पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
गरोठ पुलिस का नशे पर बड़ा प्रहार!
संक्षेप में
मंदसौर के गरोठ में पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 173 ग्राम एमडी ड्रग्स, केमिकल, दो कारें और मोबाइल जब्त किए। मामले में दो आरोपी गिरफ्तार हुए, जबकि चार फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
मध्य प्रदेश
