आनासागर झील की बदहाली पर अजमेर बंद, कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन; बाजार, बैंक और निजी स्कूल रहे प्रभावित

अजमेर की ऐतिहासिक आनासागर झील की बिगड़ती स्थिति, गंदगी और बड़ी संख्या में मछलियों की मौत के विरोध में शहर कांग्रेस के आह्वान पर गुरुवार को अजमेर बंद का आयोजन किया गया। सुबह से ही शहर के कई प्रमुख बाजारों, खासकर दरगाह बाजार में अधिकांश दुकानें और होटल बंद रहे, जबकि कुछ आवश्यक दुकानें खुली रहीं। बंद को सफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के अलग-अलग इलाकों में रैली निकालते हुए बाजारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से समर्थन की अपील करते नजर आए। रेलवे स्टेशन के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सवारियों से भरे ई-रिक्शा और टेम्पो रुकवाकर यात्रियों को उतारा तथा कचहरी रोड स्थित कुछ बैंकों को भी बंद कराया। पेट्रोल पंपों पर भी नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया गया। वही बंद के मद्देनजर शहर को कई जोन में बांटकर कांग्रेस की अलग-अलग टीमें तैनात की गईं, जबकि जिला कांग्रेस कार्यालय में संचालन के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया। दूसरी ओर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अजमेर जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर शहर के संवेदनशील इलाकों और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया तथा पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी की गई। बंद के चलते अस्पताल, मेडिकल स्टोर और एम्बुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं को इससे मुक्त रखा गया। वहीं, कई निजी स्कूलों और कॉलेजों ने भी एहतियातन अवकाश घोषित कर दिया। कांग्रेस का आरोप है कि आनासागर झील की लगातार बिगड़ती स्थिति, फैलती दुर्गंध और प्रशासन की कथित लापरवाही के विरोध में यह बंद आयोजित किया गया है, ताकि झील के संरक्षण और सफाई को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जा सके।