बाड़मेर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक करोड़पति हिस्ट्रीशीटर की करोड़ों की संपत्ति को फ्रीज कर दिया है। बायतु थाने के हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी कौशलाराम की 3 करोड़ 37 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति को पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अपने दायरे में लिया है। तस्कर के आलीशान मकानों, कृषि भूमि और लग्जरी वाहनों पर कार्रवाई के बाद अब राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।
बायतु पुलिस उपाधीक्षक दीपेन्द्र सैनी के मुताबिक, एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F के तहत कुल 12 संपत्तियों को फ्रीज किया गया है। कार्रवाई के तहत कौशलाराम के घर के बाहर संपत्ति जब्ती और फ्रीजिंग का आधिकारिक बोर्ड भी चस्पा कर दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ बाड़मेर के अलावा बालोतरा, पाली, प्रतापगढ़ और चित्तौड़गढ़ समेत विभिन्न थानों में कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें अकेले 7 मामले एनडीपीएस एक्ट से जुड़े हैं, जिनके तहत अब तक 4 हजार किलो से अधिक डोडा-पोस्त की बरामदगी हो चुकी है।
संपत्तियों का साम्राज्य और जब्त वाहन
पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई में कौशलाराम का व्यापक प्रोपर्टी नेटवर्क सामने आया है। फ्रीज की गई संपत्तियों में बायतु में बने दो मकान, बालोतरा के पचपदरा रोड स्थित एक तीन मंजिला आलीशान भवन और जैसलमेर के रामगढ़ क्षेत्र में स्थित दो कृषि मुरब्बे शामिल हैं। इसके अलावा सऊओं की ढाणी में उसके पुराने आवास के साथ-साथ पास ही बन रहा एक नया निर्माणाधीन मकान भी जब्ती के दायरे में आया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी की कमाई से खरीदी गई पांच लग्जरी गाड़ियां भी अपने कब्जे में ली हैं। इनमें टोयोटा इनोवा, हुंडई क्रेटा, महिंद्रा बोलेरो और स्कॉर्पियो जैसी गाड़ियां शामिल हैं। मकान और वाहनों के अलावा एक शराब की दुकान और स्टोन माइनिंग की लीज को भी प्रशासनिक कार्रवाई के तहत फ्रीज कर दिया गया है।
पत्नी के सरपंच चुने जाने से उठे सवाल
इस पूरे प्रशासनिक एक्शन के बीच एक और पहलू ने स्थानीय स्तर पर चर्चाएं बढ़ा दी हैं। हाल ही में संपन्न हुए पंचायती राज चुनावों में कौशलाराम की पत्नी सरपंच चुनी गई हैं। एक तरफ जहां पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार से खड़ी की गई संपत्ति पर कानूनी शिकंजा कसा है, वहीं परिवार की राजनीतिक मौजूदगी को लेकर भी विभिन्न तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह से मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों और कानून सम्मत प्रावधानों के तहत की गई है।
एनडीपीएस तस्करों की संपत्तियों के खिलाफ राजस्थान में पहले भी प्रतापगढ़, जोधपुर और नागौर जिलों में अभियान चलाए जा चुके हैं। बाड़मेर की इस कार्रवाई के बाद अब यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों और सहयोगियों तक भी जांच की आंच पहुंचेगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अमला मामले के हर पहलू की गहराई से पड़ताल कर रहा है।
