बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह के नाना डॉ. राम हिंगोरानी का 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने 8 नवंबर को दिवाली के दिन लक्ष्मी पूजा के समय अंतिम सांस ली। अभिनेता की कजिन सौम्या हिंगोरानी ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके निधन की जानकारी साझा की।
डॉ. राम हिंगोरानी मुंबई के जाने-माने फिजिशियन थे। अभिनेता अनिल कपूर के भाई संजय कपूर ने उनके निधन पर शोक जताते हुए याद किया कि डॉ. हिंगोरानी ने उन्हें बचपन में कई इंजेक्शन लगाए थे। रणवीर सिंह अपनी ननिहाल के परिवार और खासकर अपने नाना के बेहद करीब थे।
'रॉकी और रानी' के प्रमोशन के दौरान आया था चर्चा में नाना का वीडियो
साल 2023 में फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ के प्रमोशन के दौरान रणवीर ने अपने नाना के साथ एक वीडियो शेयर किया था, जो काफी वायरल हुआ था। इस वीडियो में 93 वर्ष के डॉ. राम फिल्म के गाने ‘झुमका गिरा रे’ पर थिरकते नजर आए थे। उन्होंने ‘टीम रॉकी’ लिखी टी-शर्ट पहनी हुई थी और मजाकिया अंदाज में कहा था, “टिक्की छोड़ो, मेरे लिए टकीला लाओ।”
रणवीर ने उस दौरान सोशल मीडिया पर नाना की फिटनेस की तारीफ करते हुए लिखा था कि 93 की उम्र और 93°F तापमान के बावजूद उन्होंने मतदान किया था। उन्होंने अपने नाना को अपना ‘रॉकस्टार’ बताया था।
कजिन सौम्या हिंगोरानी ने शेयर की भावुक पोस्ट
सौम्या हिंगोरानी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट लिखकर अपने दादा को याद किया। उन्होंने लिखा कि 96 वर्ष का यह जीवन जश्न मनाने योग्य है, न कि शोक जताने का। सौम्या के मुताबिक, दिवाली की लक्ष्मी पूजा का समय उनके जाने के लिए सबसे शुभ था और अब वे अपनी पत्नी के साथ होंगे। उन्होंने अपने नोट के अंत में लिखा, “मेरे लिए आइसक्रीम का एक स्कूप बचा कर रखना, जब तक हम फिर से साथ न नाचें।”
रणवीर सिंह और अनिल कपूर का परिवार आपस में रिश्तेदार है। रणवीर की मां अंजू और अनिल कपूर की पत्नी सुनीता आपस में कजिन हैं।
'धुरंधर' के बाद सर्वाइवल थ्रिलर 'प्रलय' की तैयारी में रणवीर
व्यक्तिगत मोर्चे पर दुखद समय के बीच रणवीर सिंह अपने आगामी प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। ‘धुरंधर’ के बाद वह निर्देशक जय मेहता की फिल्म ‘प्रलय’ में नजर आएंगे। यह एक सर्वाइवल थ्रिलर है, जिसकी कहानी तबाही के बाद के मुंबई शहर पर आधारित है। फिल्म में जॉम्बी के हमलों के बीच इंसानों के संघर्ष को दिखाया जाएगा।
इस प्रोजेक्ट के साथ रणवीर अपने प्रोडक्शन बैनर ‘मां कसम फिल्म्स’ के तहत बतौर निर्माता भी शुरुआत कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्माण अनन्या बिड़ला के ‘बिड़ला स्टूडियो’ तथा हंसल मेहता और साहिल सहगल के ‘ट्रू स्टोरी फिल्म्स’ के साथ मिलकर किया जा रहा है। फिल्म की शूटिंग अगस्त 2026 में मुंबई में शुरू हुई थी और इसमें कल्याणी प्रियदर्शन बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं।
