सुपरस्टार सलमान खान की आगामी फिल्म 'मातृभूमि' की रिलीज तारीख सामने आ गई है। मुंबई में आयोजित एक विशेष इवेंट में फिल्म के ट्रेलर रिलीज से पहले इसकी घोषणा की गई। डायरेक्टर अपूर्व लाखिया ने बताया कि यह बहुप्रतीक्षित फिल्म आगामी 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। सबसे खास बात यह है कि सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को बिना किसी कट के पास किया है।
इस इवेंट में फिल्म की पूरी टीम और डायरेक्टर अपूर्व लाखिया ने शिरकत की, जहां उन्होंने सलमान खान के साथ काम करने के अनुभव को खुलकर साझा किया।
"पेट में डायनासोर घूमते हैं"
डायरेक्टर अपूर्व लाखिया ने सलमान खान के साथ काम करने के दबाव और उनके अभिनय को लेकर दिलचस्प बातें कहीं। उन्होंने कहा, 'जब आपकी फिल्म में मिस्टर सलमान खान हों, तो पेट में तितलियां नहीं उड़तीं, बल्कि डायनासोर घूमते हैं। यह अपने आप में एक बहुत बड़ा दबाव है।'
लाखिया ने आगे कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि दर्शकों को यह फिल्म पसंद आएगी। उन्होंने फिल्म में सलमान के किरदार को लेकर कहा, 'यह एक ऐसा रोल है, जिसे सर ने पहले कभी नहीं निभाया है। दर्शकों के लिए इसे पर्दे पर देखना काफी दिलचस्प होगा और इस प्रोजेक्ट पर काम करना वाकई मजेदार रहा है।'
हर फिल्म के साथ शून्य से होती है शुरुआत
फिल्म के सफर और चुनौतियों पर बात करते हुए अपूर्व लाखिया ने कहा कि उनके लिए हर नए प्रोजेक्ट की शुरुआत शून्य से होती है। हर इंसान का अपना संघर्ष होता है और यही जीवन की असली चुनौती है।
उन्होंने कहा कि अगर जीवन में संघर्ष न हो, तो काम करने का मजा भी नहीं रहता। यही चुनौतियां इंसान को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। हर निर्देशक की तरह उनकी भी कोशिश यही रहती है कि वह अपना सर्वश्रेष्ठ दें और दर्शकों को भरपूर मनोरंजन के साथ एक बेहतरीन फिल्म दें।
